शिखर धवन की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराया, 37वें ओवर में ही हासिल किया 263 रन का लक्ष्य

By: Pinki Sun, 18 July 2021 10:59:25

शिखर धवन की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका को 7 विकेट से हराया, 37वें ओवर में ही हासिल किया 263 रन का लक्ष्य

भारत ने कोलंबो में खेले गए पहले वनडे में श्रीलंका को 7 विकेट से हरा दिया। भारत की यह श्रीलंका में लगातार 9वें वनडे में जीत है। टीम पिछली बार श्रीलंका में 24 जुलाई, 2012 को हारी थी। टीम इंडिया ने 263 रन का लक्ष्य 37वें ओवर में 3 विकेट खोकर ही हासिल कर लिया। बर्थडे बॉय ईशान किशन के 42 बॉल पर 59 रन और शिखर धवन के 95 बॉल पर नाबाद 86 रन की कप्तानी पारी खेली। धवन की यह 33वीं फिफ्टी रही। वहीं, उन्होंने वनडे में 6000 रन भी पूरे किए। धवन बतौर कप्तान अपने पहले वनडे में 50+ रन बनाने वाले 5वें भारतीय बल्लेबाज बने। उनसे पहले अजीत वाडेकर (1975), रवि शास्त्री (1986), सचिन तेंदुलकर (1997), अजय जडेजा (1998) ऐसा कर चुके हैं। जबकि ईशान का यह डेब्यू वनडे था। उनके अलावा पृथ्वी शॉ ने 43 और करियर का पहला वनडे खेल रहे सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 31 रन बनाए। सूर्य ने 20 गेंदों की अपनी नाबाद पारी में 5 चौके लगाए।

टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए श्रीलंका ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 262 रन बनाए थे। भारत के कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल और दीपक चाहर के आगे श्रीलंकाई टीम दबाव में दिखी। इन तीनों ने 2-2 विकेट लिए। चमिका करुणारत्ने ने 35 बॉल पर नाबाद 43 रन और कप्तान दासुन शनाका ने 39 रन की पारी खेली।

धवन ने 140 पारी में पूरे किए 6000 रन

धवन ने 23 रन बनाते ही 6000 बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। धवन ने 140 पारी में यह रिकॉर्ड अपने नाम किया। वे सबसे तेज 6000 रन पूरे करने के मामले में चौथे नंबर पर हैं। इस मामले में साउथ अफ्रीका के पूर्व ओपनर हाशिम अमला पहले नंबर पर हैं। अमला ने 123 वनडे पारियों में ही 6 हजार रन पूरे किए थे। दूसरे नंबर पर भारत के विराट कोहली हैं।

हम WhatsApp पर हैं। नवीनतम समाचार अपडेट पाने के लिए हमारे चैनल से जुड़ें... https://whatsapp.com/channel/0029Va4Cm0aEquiJSIeUiN2i
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन lifeberrys हिंदी की वेबसाइट पर। जानिए क्रिकेट और खेल से जुड़ी News in Hindi

Home | About | Contact | Disclaimer| Privacy Policy

| | |

Copyright © 2024 lifeberrys.com